शुरू में 10 हजार निवेश करने पर 13969 रुपये मिले, लालच में करते गए निवेश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर प्रीपेड टास्क पर मुनाफे के बहाने सेक्टर-35 के रहने वाले व्यक्ति से 25 लाख 82 हजार रुपये ठग लिए गए। साइबर ठगों ने शुरू में 10 हजार रुपये का टास्क करने पर व्यक्ति को मुनाफे के साथ 13,969 रुपये ट्रांसफर कर दिए। यहीं से लालच आ गया और वह साइबर ठगों के जाल में फंसते चले गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को ये शिकायत गौरव बाबू जैन ने दी है। उनका कहना है कि 1 दिसंबर को व्हाट्सएप पर कॉल आई। बात के दौरान आरोपियों ने एक लिंक भेजकर लॉगिन कराया। वेलकम बोनस के तौर पर उन्हें 10 हजार पाइंट दिए गए। फिर 20 टास्क पूरे करने को कहा गया। ये टास्क पूरे करने पर इन्हें टेलीग्राम आईडी दी गई और वहां संपर्क करने पर 1245 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर प्रीपेड टास्क पर मुनाफे का झांसा देकर 10 हजार रुपये निवेश करने को कहा। टास्क करने पर उन्हें मुनाफे के साथ 13,969 रुपये वापस मिले। इसके बाद आरोपी मुनाफे का झांसा देकर निवेश कराते रहे लेकिन रिफंड नहीं दिया। उनका कहना है कि जब तक उनसे कुल 25 लाख 82 हजार 258 रुपये की ठगी हो चुकी थी। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम अब मामले में कार्रवाई कर रही है।
-
निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर बुजुर्ग से 25.35 लाख ठगे
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर बुजुर्ग से 25 लाख 35 हजार रुपये ठग लिए। सेक्टर-19 क्षेत्र के रहने वाले दीपक मेहता (73) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि व्हाट्सएप पर ठगों ने संपर्क किया। आरोपियों ने आईपीओ को सस्ते रेट पर अलॉट कराने का झांसा दिया। इसके बाद उन्हें एक ग्रुप से जोड़ दिया गया, जिसमें लोग बात कर शेयर अपडेट व निवेश के कई तरीके बता रहे थे और मुनाफे की बात कर रहे थे। इसके बाद आरोपियों ने एचडीएफसी वीआईपी एप डाउनलोड कराया, जिस पर सिर्फ खरीदने और बेचने का ऑप्शन था। आरोप है कि 7 से 23 अगस्त 2024 के दौरान आरोपियों ने अलग-अलग चार कंपनियों के बैंक खातों में 25 लाख 35 हजार 322 रुपये ट्रांसफर करा लिए। 26 व 27 अगस्त को जब रिफंड का प्रयास किया तो दो दिन तक निकासी प्रगति पर है दिखाता रहा। फिर निकासी सफल बताया लेकिन खाते में रुपये नहीं आए। आरोपियों ने कहा कुछ गड़बड़ हो गई है, आपको 20 लाख रुपये जमा करने होंगे, तब रिफंड कर पाओगे। एप लॉगिन में इन्हें दो करोड़ 66 लाख 20 हजार 339 रुपये का मुनाफा दिख रहा था। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने अब मामले में एफआईआर दर्ज की है। ब्यूरो