तावड़ू। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय हरियाणा ने एक नई पहल करते हुए प्रदेश के सभी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में उपलब्ध लाइब्रेरी और वर्कशाप सुविधाओं को आम जनता के लिए खोल दिया है। इस सम्बन्ध में विभाग द्वारा एक विशेष पोर्टल भी विकसित किया गया है जिसके माध्यम से राज्य का कोई भी नागरिक अपने नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मौजूद वर्कशाप और तकनीकी लाइब्रेरी सुविधाओं का लाभ उठा सकता है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झामूवास के प्राचार्य रतनलाल ने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य इन संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना और स्थानीय युवाओं व जनता के कौशल विकास में सहयोग करना है। अब केवल छात्र ही नहीं बल्कि आम जनता भी पोर्टल पर पंजीकरण कर आइटीआइ की इन सुविधाओं का उपयोग कर सकेगी। निदेशालय ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे इस योजना का स्थानीय स्तर पर समाचार पत्रों और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक लोग इस सरकारी पहल का लाभ उठा सकें। संवाद