फरीदाबाद। शहर में चोरों ने अलग-अलग जगहों पर खड़ी तीन कारों को निशाना बनाया है। इन घटनाओं में कुल 90,310 रुपये की नकदी और दो लैपटॉप चोरी हुए हैं। संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पहली वारदात एनएचपीसी मोड़ के पास हुई। सेहतपुर की सोना कॉलोनी निवासी धर्मबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने शाम करीब चार बजे अपनी कार खड़ी की थी। लौटने पर कार का पिछला शीशा टूटा मिला। सीट पर रखा बैग गायब था। इस बैग में लैपटॉप, 40,310 रुपये, पावर बैंक और चार्जर था। दूसरी घटना सेक्टर-37 में एक निजी स्कूल के सामने हुई। ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी आशीष मोर की कार का बाईं तरफ का शीशा टूटा मिला। आशीष मोर की कार से लैपटॉप, चार्जर और चश्मा वाला बैग चोरी हो गया। तीसरी चोरी सेक्टर-21बी निवासी अजय कुमार की कार से हुई। उन्होंने सुबह 11:30 बजे मेट्रो अस्पताल के बाहर कार खड़ी की थी। दोपहर में उनके कर्मचारी कार लॉक करना भूल गए थे। शाम को लौटने पर हैंड रेस्ट में रखी 50 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद