मोबाइल हैक कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
- व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर और फाइल डाउनलोड करवाकर हैक करते थे मोबाइल
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मोबाइल हैक कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर थाना एनआईटी की टीम ने पर्दाफाश कर राजस्थान के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान भीलवाड़ा निवासी दिलखुश तथा फलोदी निवासी अरविंद और रामनिवास के रूप में हुई है। आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनमें ठगी की रकम मंगवाई जाती थी।
पहले मामले में सेक्टर-55 निवासी सतीश चंद शर्मा डीएचबीवीएन के धौज सब-डिवीजन में जेई-एक हैं। 24 सितंबर को वह बिजली चोरी से संबंधित वीडियो मोबाइल से पेन ड्राइव में डाउनलोड कर रहे थे। आरोप है कि इसके बाद ठगों ने उनके मोबाइल नंबर पर संचालित यूपीआई हैक कर लिया। 24 से 27 सितंबर के बीच उनके दो बैंक खातों से 11 ट्रांजेक्शन में 3,61,997 रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने गुलाबपुरा, भीलवाड़ा निवासी दिलखुश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने एक जानकार के माध्यम से अपना बैंक खाता साइबर ठगों को देने की बात बताई। इस खाते में ठगी के 30 हजार रुपये आए थे। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर मोबाइल हैक किया-
दूसरे मामले में एनआईटी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 14 अक्तूबर को उनके व्हाट्सएप पर लिंक आया था। उस पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से 20 हजार रुपये निकल गए। इस मामले में फलोदी जिले के गोकलगढ़ निवासी अरविंद और लौहावट निवासी रामनिवास को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि अरविंद ने रामनिवास का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इस खाते में ठगी के 10 हजार रुपये आए थे। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
खातों में मंगवाते थे ठगी की रकम-
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों मामलों में मोबाइल हैक करने के बाद पीड़ितों के बैंक खातों से रकम निकाली गई। ठगी की रकम आरोपियों के बैंक खातों में मंगवाई गई थी। पहले मामले में दिलखुश ने अपना खाता दिया, जबकि दूसरे मामले में अरविंद ने रामनिवास का खाता ठगों को उपलब्ध कराया। पुलिस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।