संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के सेक्टर 22 में स्थित इंडोर स्टेडियम में बीते सोमवार तक चली एनसीआर कराटे चैंपियनशिप में किंग सेन फाइट क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयुवर्गों में कुल सात पदकों पर कब्जा जमाया। इनमें से छह खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं एक खिलाड़ी के नाम कांस्य पदक रहा।
इनमें बालिका वर्ग में तनिषा नेगी ने 50 किलो ग्राम भारवर्ग में खेलते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा पलक राय, तितिक्षा मंडल और रूहानी कोठारी ने काता कैटेगरी में खेलते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में सभी तीन खिलाड़ियों ने काता कैटेगरी में पदक अपने नाम किए। इनमें मुकुंद और प्रियम सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा अद्वित ने कांस्य पदक जीतने में सफलता पाई।
खिलाड़ियों ने कोच आशीष कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता में फरीदाबाद सहित अन्य जिलों से आए कुल 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इनमें से अकादमी के इन सात खिलाड़ियों ने पदक जीतने में सफलता पाई। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए उनका हौसला बढ़ाया।