साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने दिल्ली से पकड़े आरोपी
आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बैंककर्मी बनकर लोन दिलो का झांसा देकर ठगी मामले में दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दिल्ली के वजीरपुर के रहने वाले शिवम रजक और यूपी के अंबेडकर नगर के रहने वाले किशन शामिल है। किशन अब दिल्ली के उत्तम नगर में रहता है। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पूर्व में एक कॉल सेंटर में कार्यरत थे। वहां उनकी आपसी पहचान हुई। इसके बाद दोनों ने मिलकर बैंक कर्मचारी बनकर शिकायतकर्ता को कॉल किया और कम ब्याज दर पर अधिक लोन दिलवाने के नाम पर उसकी जानकारी प्राप्त कर उसके खाते से लोन अप्लाई कर 31431 रुपये की ठगी की।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी दिल्ली के उत्तम नगर के पास परमपुरी कॉलोनी में किशन के फ्लैट से ठगी की गतिविधियां करते थे। आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-30 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि 14 जनवरी को उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कोटक महिंद्रा बैंक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि शिकायतकर्ता के लोन पर अधिक ब्याज दर लग रही है, उसको कम ब्याज दर पर अधिक लोन दिलवाया जा सकता है। ठगों ने लोन फाइल लॉगिन करने के बहाने शिकायतकर्ता से ओटीपी प्राप्त कर कर लिया और कुछ समय बाद बताया कि उसके खाते में प्रोसेसिंग फीस के 18466 रुपये भेजे गए हैं। इन रुपयों को दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से वापस भेजने के लिए कहा गया। 17 जनवरी को पुनः कॉल कर बताया गया कि लोन अप्रूव होने वाला है, जिसके लिए इंश्योरेंस आवश्यक है तथा इंश्योरेंस के नाम पर 12965 रुपये खाते में भेजे जा रहे हैं। ये रुपये भी वापस ले लिए गए। बाद में शिकायतकर्ता ने पाया कि उनके खाते में तो रुपये आए ही नहीं थे। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।