आगरा नहर के पुलों पर तैनात होंगी एंबुलेंस, ओआरएस और जीवनरक्षक दवाओं से लैस रहेंगी मेडिकल टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। हरिद्वार और गंगोत्री से गंगाजल लेकर पैदल आने वाले शिव भक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आगरा नहर मार्ग पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आगरा नहर पर बने प्रमुख पुलों पर एंबुलेंस तैनात की जाएंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर कांवड़ यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पल्ला पुल, खेड़ीपुल और बीपीटीपी पुल पर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। इन एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार सामग्री के साथ ओआरएस के पैकेट, आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं और अन्य चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा आगरा नहर किनारे सड़क पर लगाए जाने वाले कांवड़ शिविरों में भी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्मार्ट सिटी फरीदाबाद से हर साल बड़ी संख्या में शिव भक्त कांवड़ लेने हरिद्वार और गंगोत्री जाते हैं। कई श्रद्धालु लगातार पैदल चलने के कारण थकान, डिहाइड्रेशन, पैरों में छाले और चोट जैसी समस्याओं का शिकार हो जाते हैं। वहीं कई बार सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति भी सामने आती है। ऐसे में यात्रियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है।