जिले के मंदिरों में धूमधाम से मनाई जाएगी जन्माष्टमी, पुलिस ने भी सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता किए
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जिले के मंदिरों में धूमधाम से मनाई जाएगी। सौ से अधिक मंदिरों में श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रकार की झांकियां सजकर तैयार हो चुकी हैं। वहीं पुलिस ने भी सुरक्षा के लिए इंतजाम पुख्ता कर दिए हैं। घरों में साफ-सफाई से लेकर साज-सज्जा का काम पूरा हो चुका है।
एनआईटी पांच निवासी राधा, कुसुम और रानी ने बताया कि वह हर साल लड्डू गोपाल का जन्मदिन धूमधाम से मनाती हैं। उन्होंने पूजा घर की सजावट के लिए फूलों का उपयोग किया है। इसके अलावा दीयों और मोमबत्तियों से सजाया गया है। श्रीकृष्ण के झूलों और झांकियों को सजाना एक पारंपरिक तरीका है। कृष्ण के लिए नए पोशाक, बांसुरी और झूला तैयार किया है। जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल के लिए विभिन्न प्रकार की मिठाइयां तैयार की जाएंगी। सेक्टर 2 निवासी माया देवी, सरोज, गीता और शारदा ने बताया कि स्नान के बाद लड्डू गोपाल को नए कपड़े, मुकुट, मोर पंख, गले का हार, पैरों की पायल तथा माथे पर चंदन का तिलक लगाया जाता है।
इन मंदिरों में रहेगी भीड़
अशोका एनक्लेव स्थित चिल्ड्रन पार्क, एनआईटी एक नंबर बी ब्लॉक सनातन धर्म हनुमान मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर, सेक्टर-37 इस्कॉन मंदिर, एनआईटी तिकोना पार्क श्री वैष्णो देवी मंदिर, सिद्ध पीठ काली मंदिर, पांच नंबर तत्कालेश्वर मंदिर, सैनिक कॉलोनी शिव मंदिर, जवाहर कॉलोनी श्री राम मंदिर, ओल्ड फरीदाबाद के पथवारी मंदिर, सेक्टर-16 गीता मंदिर, सेक्टर-हरि मंदिर, तिलपत सूरदास मंदिर, पल्ला सूरदास मंदिर, मवई सूरदास मंदिर में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी।
कई मंदिरों में शुरू हुए कार्यक्रम
सेक्टर 37 स्थित शिव मंदिर में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव प्रारंभ हो गया है। मंदिर में शाम को श्री गणेश एवं अन्य पौराणिक देवताओं का वैदिक मंत्रों द्वारा पूजन का आरंभ किया गया। पूजा अर्चना में प्रधान पीसी शर्मा, वरिष्ठ उप प्रधान बी बी शर्मा, महासचिव सुरेश गुप्ता, मीडिया प्रभारी एस एन मिश्रा , कोषाध्यक्ष अजय गुप्ता, वरिष्ठ सहयोगी आर डी शर्मा ने मौजूद रहे। जन्मोत्सव का मंचन वृन्दावन की कन्हैया लाल की प्रसिद्ध रासलीला मंडली कर रही है। जिसमें नरसी भगत एवं सुदामा चरित्र का मंचन हुआ। रविवार को श्री कृष्ण की लीलाओं का प्रसंग मंचित होगा। सोमवार को रास लीला का आयोजन किया जा रहा है।
पहले ही बुक करवाया केक
जिले की विभिन्न बेकरी पर जन्माष्टमी के अवसर पर कान्हा के लिए केक पहले से ही बुक करवा दिया। कई लोगों ने बेकरी वाले को केक के लिए डिजाइन भी दिया है। बेकरी संचालक राहुल ने बताया कि उनकी दुकान पर करीब 100 से अधिक लोगों ने पहले से ही कान्हा के जन्मदिन के लिए केक को बुक कर दिया। उनके ऑर्डर को पूरा करने के लिए उन्होंने कर्मचारियों की संख्या को बढ़ा दिया है। अगर समय पर सभी लोगों का केक तैयारी नहीं हुआ तो उनको काफी नुकसान होगा। इसके अलावा कुछ लोगों ने तो कान्हा की शेप वाला केक बनवाया है। इन केक की कीमत 250 रुपये से शुरू होकर 1500 रुपये तक की है।
लोगों से बातचीत
जन्माष्टमी पर घर और मंदिर को अच्छी तरह से सजा लिया है। कृष्ण भगवान की मनपसंद मोर पंख, रंग बिरंगी लाइट्स, झालरों और गुब्बारों का इस्तेमाल किया गया। रात को 12 बजे केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया जाएगा। - प्रियंका श्रीवास्तव , एनआईटी
-
दीपावली पर्व की तरह जन्माष्टमी के अवसर पर घर की साफ सफाई की है। वहीं भगवान को भोग लगाने के लिए अलग-अलग तरह के व्यंजन बनाए जा रहे है। जिसमें लड्डू गोपाल के मनपसंद लड्डू भी होंगे। - अर्चना, ग्रेटर फरीदाबाद