फरीदाबाद। गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी जेल में स्पोर्ट्स शूज पहनकर रहना चाहता है। जठेड़ी ने इसके लिए अपने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में अर्जी दी है। इसके लिए अधिवक्ता नवीन सहरावत और प्रकाश दलाल ने न्यायाधीश गौरव खटाना की अदालत में अर्जी दाखिल कर दी है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि काला के दोनों पैरों में रॉड डली हुई हैं। जेल में मिलने वाले पीटी शूज में उसे चलने में परेशानी होती है। इस पर अदालत ने जेल प्रशासन से जवाब मांगा था। जेल प्रशासन की तरफ से इसका सही से जवाब नहीं मिलने के कारण मामले की सुनवाई सोमवार को होगी।
ेइसके साथ ही काला के अधिवक्ताओं ने उसके लिए अन्य कैदियों की तरह मेडिकल और कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि उन्हें जेल प्रशासन ने जठेड़ी से मिलने नहीं दिया। जेल प्रशासन इसके लिए अदालत की अनुमति मांग रहा है। अधिवक्ताओं ने अदालत से अपील की है कि उन्हें कैदी से मिलने की अनुमति दी जाए। सभी मांगों पर सोमवार को सुनवाई होगी।