बातों में उलझाकर लॉकर से सोने-चांदी के गहने लेकर भागे दो चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना क्षेत्र के शिवदुर्गा विहार लक्कड़पुर में ताला-चाबी ठीक करने के लिए घर में घुसे दो जालसाजों ने महिला को बातों में उलझाकर अलमारी के लॉकर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिवदुर्गा विहार निवासी पीड़ित नीरज ने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब 12 से एक बजे के बीच दो व्यक्ति गली में ताला-चाबी बनाने की आवाज लगा रहे थे। उनकी पत्नी पूजा ने अलमारी का लॉक खराब होने के कारण दोनों को अंदर बुलाया। इसके बाद आरोपियों ने कभी पानी तो कभी तेल के नाम पर पूजा को बार-बार कमरे से बाहर भेजा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने लॉकर से जेवरात निकाल लिए। आरोपियों ने लॉक ठीक करने का नाटक किया और 100 रुपये लेकर लॉकर को 15 मिनट बाद खोलने को कहा। जब पूजा ने समय पूरा होने पर अलमारी चेक की तब लॉकर से लगभग 35 तोला से अधिक सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पीड़ित नीरज की लिखित शिकायत पर 25 अप्रैल को सूरजकुंड थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।