-डेढ़ घंटे तक चलता रहा अंबाला ट्रैक पर कार्य, कई सुपरफास्ट और अन्य ट्रेनें प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शनिवार तड़के
19019 हरिद्वार एक्सप्रेस में बड़ा हादसा होने से टल गया। बांद्रा टर्मिनस से हरिद्वार जा रही ट्रेन के इंजन में ओखला रेलवे स्टेशन के पास लोहे की ग्रिल फंस गई। घटना से करीब डेढ़ घंटे ट्रेन ट्रेक पर रुकी रही। इससे कई सुपरफास्ट और अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। सूचना के बाद पहुंची आरपीएफ और अन्य रेलकर्मियों ने राहत तथा बचाव कार्य शुरू किया।
ओखला रेलवे स्टेशन पर लाइनों के मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसके लिए रेलवे ने प्राइवेट ठेकेदार को काम दिया है। बांद्रा टर्मिनस-हरिद्वार 19019 एक्सप्रेस शनिवार तड़के करीब पौने तीन बजे निजामुद्दीन जा रही थी। ओखला के समीप रेलवे लाइन के किनारे से लाेहे की ग्रिल उछलकर ट्रैक पर आ गई और इंजन में फंस गई। लोको पायलट ने इसकी सूचना रेलवे के उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद तुरंत आरपीएफ और रेलवे अधिकारी पहुंचे। ट्रेन को रोककर इंजन के नीचे फंसे ग्रिल को निकालना शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद लोहे की ग्रिल को इंजन से बाहर निकाला गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार घटना के समय ट्रेन की रफ्तार कम थी, इसलिए बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रैक पर एक्सप्रेस ट्रेन रुकने के कारण उस रूट की अन्य रेल भी प्रभावित हुईं। आरपीएफ की ओर से मिली जानकारी में बताया कि इस संबंध में अज्ञात श्रमिकों के खिलाफ केस दर्ज कर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।