- पिलर के बाद जेवर एक्सप्रेसवे को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा रैंप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-65 साहूपुरा गांव के पास दो एक्सप्रेसवे के संगम के लिए इंटरचेंज बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। जेवर एक्सप्रेसवे से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इंटरचेंज बनाने के लिए पिलर खड़ा कर दिया है। अब रैंप बनाने का काम किया जा रहा है। इंटरचेंज पर उतरने व चढ़ने के लिए सर्विस रोड को चौड़ा किया जा रहा है। ताकि बड़े वाहनों को गुजरने में कोई परेशानी ना हो। इस इंटरचेंज के बनने के बाद लोग मात्र 10 मिनट में फरीदाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। इसे अलावा यहां दो अंडरपास का निर्माण कार्य पहले ही पूरा कर दिया गया है और उन्हें वाहनों के आवागमन के लिए पहले ही खोल दिया गया है।
आगरा नहर पर बनेगा पुल
एप्को इंफ्राटेक प्राइवेट कंपनी के संरचना प्रबंधक ने बताया कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज को जोड़ने के लिए आगरा नहर पर भी पुल बनाया जाएगा। इस पुल का नक्शा पास हो गया है। आचार संहिता लगने की वजह से टेंडर नहीं हो रहा है। चुनाव परिणाम के बाद टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद साहूपुरा के पास बनने वाले फ्लाईओवर को आगरा नहर पर बनने वाले पुल से जोड़ दिया जाएगा।