- केएल मेहता दयानंद कॉलेज में सामानों की प्रदर्शनी लगाएंगे छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। केएल मेहता दयानंद कॉलेज में छात्रों की प्रतिभा को निखारने और आत्मनिर्भर बनाने की पहल की जा रही है। नौ अक्तूबर को इसके लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान छात्र हस्तनिर्मित उत्पादों का स्टॉल्स लगाकर सामानों की प्रदर्शनी लगाएंगे।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार 15 से 20 स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जहां छात्र खुद के बनाए उत्पादों को बिक्री और प्रदर्शन के लिए रखेंगे। इन स्टॉल्स पर मेहंदी डिजाइन, पेंटिंग्स, हस्तशिल्प और करवाचौथ से संबंधित सामग्री जैसे चलनी, थाली सजावट, पूजा सामग्री आदि प्रदर्शित की जाएंगी। इसको लेकर छात्रों में उत्साह है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस कार्यक्रम के जरिये स्थानीय और पारंपरिक कला को भी बढ़ावा मिलेगा। जिन छात्रों का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहेगा, उन्हें भविष्य में कॉलेज की ओर से कई अवसर प्रदान किए जाएंगे।
इस प्रकार के आयोजन छात्रों को न केवल रचनात्मक रूप से विकसित करते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और उद्यमशीलता की भावना भी पैदा करते हैं। यह एक ऐसा मंच है जहां छात्र अपने हुनर को दुनिया के सामने रख सकते हैं। -
डॉ. मीनू दुआ, प्राचार्या