टीमों ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी फरीदाबाद। सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने से लेकर स्वास्थ्य जांच के लिए दूर जाने की परेशानी कम करने की पहल सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में दिखाई दे रही है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे अभियान में स्वास्थ्य जांच शिविर, बहुविभागीय जनकल्याण शिविर और विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
रविवार को शिव मंदिर एलआईसी वाली गली, एसी नगर, वैष्णो कॉन्वेंट स्कूल और राजकीय प्राथमिक विद्यालय इंद्रा नगर सहित विभिन्न स्थानों पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगे। यहां स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने रक्तचाप, शुगर सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श लिया। विभाग की टीमों ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और साफ-सफाई के प्रति भी जागरूक किया। वहीं, 21 सितंबर को ग्राम पंचायत चांदपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 26 सरकारी विभागों की मौजूदगी में बहुविभागीय जनकल्याण शिविर लगाया जाएगा। यहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों के आवेदन भी मौके पर करवाए जाएंगे। इसी दिन सरकारी स्कूलों में चित्र सेवा के तहत चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी।