विसर्जन के 4-5 दिन शेष, करीब 50 प्रतिशत प्रतिमाएं अब भी दुकानों पर मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गणेश चतुर्थी के बाद अब विसर्जन के लिए कुछ ही दिन शेष हैं लेकिन शहर के मूर्ति बाजारों में इस बार पिछले वर्ष की तरह रौनक नजर नहीं आ रही है। दुकानदारों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले इस बार गणेश प्रतिमाओं की बिक्री में करीब 20 प्रतिशत तक कमी आई है।
स्थिति यह है कि विसर्जन में चार से पांच दिन शेष रहने के बावजूद करीब 50 प्रतिशत मूर्तियां अभी भी दुकानों पर बची हुई हैं। शहर के एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद, बाईपास रोड, अजरौंदा चौक, सेक्टर-16 सहित अन्य क्षेत्रों में गणेश प्रतिमाओं की दुकानें लगी हुई हैं। यहां छोटी से लेकर बड़ी आकार की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। स्थानीय बाजार में सामान्य तौर पर करीब 500 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक की गणेश प्रतिमाएं मिल रही हैं। बड़ी और आकर्षक प्रतिमाओं की कीमत इससे अधिक भी है।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार कई लोग पहले की तुलना में छोटी प्रतिमाएं खरीद रहे हैं। वहीं कुछ परिवार और सोसाइटियां पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी से बनी प्रतिमाओं को प्राथमिकता दे रही हैं। इससे भी अलग-अलग श्रेणी की मूर्तियों की बिक्री पर असर पड़ा है। दुकानदारों के अनुसार गणेशोत्सव के शुरुआती दिनों में बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। अब अंतिम दिनों में उन लोगों के मूर्ति खरीदने की उम्मीद है, जिन्होंने अभी तक घर या सार्वजनिक आयोजन के लिए प्रतिमा नहीं खरीदी है। दुकानदार बची हुई प्रतिमाओं को बेचने के लिए ग्राहकों को अलग-अलग आकार और डिजाइन दिखा रहे हैं।
बातचीत
पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री करीब 20 प्रतिशत कम है। विसर्जन में चार-पांच दिन बचे हैं और अभी लगभग आधी मूर्तियां दुकानों पर बची हैं। -हरीश, दुकनदार
शुरुआत में ग्राहक कम आए, इसलिए बिक्री प्रभावित हुई। अब अंतिम दिनों में कुछ बिक्री बढ़ जाए तो ठीक है। इस बार छोटी और मध्यम आकार की मूर्तियों की मांग है। -मनोज, दुकानदार