पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलाबारी में लांस नायक दिनेश कुमार बलिदान हो गए। वे 5 ए़फडी रेजीमेंट में तैनात थे। व्हाइट नाइट कोर ने लांस नायक को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि गोलाबारी में दिनेश कुमार बलिदान हो गए। यह भी कहा गया कि पहलगाम हमले में मारे गए निर्दोष लोगों के परिवारों के साथ हम हमेशा खड़े हैं।
सीमा पर गोलीबारी में शहीद हुए होडल के दिनेश
हरियाणा के पलवल जिले के होडल के कस्बा हसनपुर के गांव नंगला मोहम्मदपुर गुलावद निवासी दिनेश कुमार शर्मा बुधवार को हुई एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की तरफ से हो रही गोलाबारी में बलिदान हो गए। जिले के बेटे के बलिदान होने की पुष्टि उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की।
इस गोलाबारी में चार अन्य जवान घायल हुए हैं। देश की रक्षा में प्राण न्यौछावर करने वाले 30 वर्षीय शहीद दिनेश कुमार शर्मा जम्मू कश्मीर के पुंछ राजौरी बॉर्डर पर तैनात थे। बलिदानी दिनेश की पत्नी सीमा पेशे से वकील हैं। वह इन दिनों गर्भवती हैं।
मुझे अपने बेटे पर गर्व है: दयाचंद
बलिदानी के पिता दयाचंद से बात की तो उन्होंने कहा कि उनको अपने बेटे की साहदत पर बहुत गर्व है और उसके तीन बेटे आर्मी में थे जिनमें से एक दिनेश कुमार बलिदान हो गया है और वह दोनों बेटों को भी देश की रक्षा के लिए छोड़ रहे हैं देश को सौंप रहे हैं।