अरावली क्षेत्र में बढ़ा खतरा, इस साल कूड़े में आग लगने की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अरावली वन क्षेत्र में कूड़ा फेंकने और उसमें आग लगाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वन विभाग की कथित अनदेखी के बीच जंगल में लगातार डंप हो रहे कूड़े से पर्यावरण और वन्यजीवों पर खतरा बढ़ता जा रहा है। शनिवार को एक बार फिर वन क्षेत्र से धुआं उठता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो कूड़े के ढेर में आग लगी हुई थी। लोगों ने इसकी शिकायत वन विभाग और पुलिस को देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि जिले के अरावली क्षेत्र और उससे सटे बंधवाड़ी डंपिंग यार्ड में इस वर्ष कूड़े में आग लगने की दो बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पहली घटना गर्मियों की शुरुआत में हुई थी, जबकि दूसरी भीषण आग जून माह में लगी थी। विशेषज्ञों का कहना है कि कूड़े के बड़े ढेरों के नीचे जमा मीथेन गैस और अत्यधिक गर्मी के कारण आग भड़क जाती है। कई बार यह आग आसपास के जंगलों तक फैलने का खतरा पैदा कर देती है।
स्थानीय निवासियों और बैंक्वेट हॉल संचालकों का कहना है कि आसपास की कालोनियों और कंपनियों से निकलने वाला कूड़ा लगातार वन क्षेत्र में डंप किया जा रहा है। इसके बाद कूड़े में आग लगा दी जाती है, जिससे पूरे इलाके में धुआं फैल जाता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो बड़ा पर्यावरणीय नुकसान हो सकता है।
बंधवाड़ी भेजना बंद किया कचरा
अरावली और पर्यावरण को हो रहे नुकसान को देखते हुए केंद्रीय मंत्री के सख्त निर्देशों के बाद नगर निगम ने बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कचरा भेजना पूरी तरह बंद कर दिया है। इसके बावजूद वन क्षेत्रों में अवैध रूप से कूड़ा फेंकने और उसमें आग लगाने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।
वन क्षेत्र में कूड़े में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर टीम को भेजा गया और आग बुझा दी गई है। इससे पहले भी वन क्षेत्र में कूड़े में आग लगने की शिकायतें मिल चुकी हैं।-नरेश कुमार, अनखीर चौकी प्रभारी