फरीदाबाद। लंपी स्किन डिजीज को लेकर फरीदाबाद में फिलहाल राहत की तस्वीर सामने आ रही है। जिले में करीब 95 फीसदी पशुओं का टीकाकरण पूरा हो चुका है। बीमारी की चपेट में आए करीब 90 प्रतिशत पशु उपचार के बाद स्वस्थ हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार जुलाई से सितंबर तक लंपी का असर अधिक रहता है। सर्दी शुरू होने के साथ संक्रमण का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने लगता है।
पशु अस्पताल विभाग के डिप्टी डायरेक्टर वीरेंद्र राठी ने बताया कि जिले में टीकाकरण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है, जानवरों में रिकवरी भी हो रही है। अभी भी कुछ छोटे पशु है, जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। लंपी में पशु को बुखार, त्वचा पर गांठें, कमजोरी, भूख कम लगना और दूध उत्पादन में कमी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। पशुपालकों को ऐसे लक्षण दिखने पर संक्रमित पशु को अलग रखने और तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है। संवाद