संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके चौक पर स्लिप रोड शुरू होने से पहले ही सड़क का हिस्सा अवैध पार्किंग में तब्दील हो रहा है। यहां आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए बनाए गए रास्ते के किनारे वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे स्लिप रोड का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा।
स्लिप रोड मुख्य रूप से ट्रैफिक जाम को खत्म करने और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए बनवाया गया है। जो वाहन बीके चौक से सीधा नीलम चौक जाना चाहते हैं, वह बिना जाम में फंसे आसानी से निकल जाएं। अवैध पार्किंग के कारण जाम की समस्या अभी भी बनी हुई है। जिसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर खड़े वाहनों के नंबर नोट किए। इसके बाद वाहन नंबर के आधार पर संबंधित वाहन मालिकों के मोबाइल नंबर निकलवाए गए। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने मालिकों को फोन कर मौके से वाहन हटाने के लिए कहा। साथ ही चेतावनी दी कि स्लिप रोड के पास दोबारा वाहन पार्क न करें।
बीके चौक की इस जगह पर अवैध पार्किंग को लेकर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। ट्रैफिक पुलिस पहले यहां खड़े वाहनों के चालान भी काट चुकी है। चालान होने के बाद भी दोबारा वाहन खड़े किए जाने पर अब पुलिस ने वाहन मालिकों से सीधे फोन पर संपर्क कर चेतावनी दी।