एक अवैध निर्माण तोड़ा, पांच भवन किए सील
फरीदाबाद। जिला नगर योजनाकार इनफोर्समेंट एंड विजिलेंस की ओर से ग्रीन फील्ड कॉलोनी में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने एक रिहायशी निर्माण को तोड़ा। दो प्लॉटों में अवैध रूप से चल रही वाणिज्यिक गतिविधियों और दो रिहायशी प्लॉटों में बनाए गए अवैध फ्लैट सील किए गए। इसके अलावा तीन रिहायशी प्लॉटों पर बने अवैध निर्माण भी सील किए गए।
जिला नगर योजनाकार इनफोर्समेंट एंड विजिलेंस नरेश कुमार ने बताया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी में बिल्डरों ने रिहायशी प्लॉटों में एक तल पर एक से अधिक फ्लैट तथा दुकानें अवैध रूप से बना ली थीं। इसकी शिकायत मिलने पर बुधवार को कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि रिहायशी प्लॉटों पर अवैध निर्माण किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिए जाएंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि रिहायशी गतिविधियां अपने स्तर पर बंद कर लें अन्यथा कार्यालय की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान चौकी इंचार्ज (ग्रीन फील्ड) जगजीत सिंह पुलिस बल और डीटीपी कार्यालय के कनिष्ठ अभियंता सुभाष मौजूद रहे।