किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजस्थान के राजगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया फ्रीस्टाइल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक जीते। डीएवी पब्लिक स्कूल एनएच तीन से इकनूर कौर, रुही शर्मा और आर्यन ने अपने-अपने वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। इस दौरान कोच दिव्यांश मनुजा ने उनका मार्गदर्शन किया।
इकनूर कौर ने माइनस 63 किलोग्राम पॉइंट फाइट में जम्मू-कश्मीर की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। रुही शर्मा ने माइनस 32 किलोग्राम वर्ग में राजस्थान की खिलाड़ी को पराजित कर गोल्ड अपने नाम किया। वहीं आर्यन ने माइनस 57 किलोग्राम किक लाइट इवेंट में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी को हराकर जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता का आयोजन छोटू राम दहिया (प्रेसिडेंट-इंडिया) और दानिश पढा (जनरल सेक्रेटरी-इंडिया) के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विश्व उपाध्यक्ष जीवन ज्योत कौर ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। स्कूल की प्राचार्या ज्योति दहिया ने सभी खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है और विद्यालय भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करता रहेगा।