फरीदाबाद। जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से नई पहल की गई है। इससे सभी स्वास्थ्य केंद्रों के मरीजों को शुक्रवार से घर के नजदीक ही बेहतर इलाज मिल सकेगा। विशेषज्ञ डॉक्टर ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए नागरिक अस्पताल से रोगियों को देखेंगे। इसके लिए 18 डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई है।
जिले के शहरी व ग्रामीण इलाकों में 25 स्वास्थ्य केंद्र हैं। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की काफी कमी है। इसकी वजह से स्वास्थ्य केंद्रों से मरीजों को नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। इससे नागरिक अस्पताल पर मरीजों का दबाव बढ़ जाता है, साथ ही उन्हें इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्रों से रेफरल संख्या में कमी लाने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ओपीडी लगाने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत स्वास्थ्य केंद्रों में कान्फ्रेंस हॉल बनाया जाएगा और नागरिक अस्पताल से डॉक्टर मरीज को देखकर चिकित्सकीय परामर्श दे सकेगा।
यह डॉक्टर देंगे चिकित्सीय परामर्श
डॉ. आरएस गौड़, डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ. संदीप बेनीवाल, डॉ. संध्या पपनेजा, डॉ. शिखा फुटेला, डॉ. धर्मवीर नेहरा, डॉ. विकास गोयल, डॉ. निधि सूद, डॉ. संगीता गोयल, डॉ. सरोज लोचाब, डॉ. रुचिका गर्ग, डॉ. अभिषेक वार्ष्णेय, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. उपेंदर भारद्वाज, डॉ. अरुण गोयल।
कोट
स्वास्थ्य विभाग के पास विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या कम है। वहीं विशेषज्ञ डॉक्टर सभी जगह नहीं जा सकते। इस वजह से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये ओपीडी सेवाएं देंगे।
- डॉ. रणदीप सिंह पूनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी