घायल दिल्ली के अस्पताल में भर्ती, क्रेन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पंप से पेट्रोल डलवाकर बाइक से निकल रहे एल्युमिनियम कारोबारी को हाइड्रा क्रेन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिर गए और क्रेन का पहिया उनके दोनों पैरों के ऊपर से निकल गया।
गंभीर हालत में उन्हें बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां से परिजनों ने दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के बयान पर मुजेसर थाना पुलिस ने क्रेन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।दिल्ली के मंडोली निवासी मोहम्मद रियाज ने पुलिस को बताया कि वह सरूरपुर गांव में एल्युमिनियम ट्रेडिंग का काम करते हैं। 22 सितंबर को वह मोटरसाइकिल से ससुराल राजीव नगर जा रहे थे। सोहना टी-पॉइंट के पास पंप पर पेट्रोल डलवाने के बाद जैसे ही बाइक लेकर निकले, पीछे से आई तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गिर गए और क्रेन का पहिया दोनों पैरों के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद राहगीरों ने रियाज को बीके अस्पताल पहुंचाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि डॉक्टरों ने 26 सितंबर को उन्हें बयान देने के लिए फिट घोषित किया। इसके बाद मुजेसर थाना ने प्राथमिकी दर्ज की है।