आरोपी ने अपनी नई नवेली पत्नी की जरुरतों को पूरा करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था। अपने साथियों को अलग-अलग तरह के लालच देकर अपने साथ शामिल किया। दोनों वारदात में आरोपियों ने महिला और बच्चों को ही निशाना बनाया था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ितों को बाथरूम में बंद कर टीवी की आवाज तेज करके फरार हो जाते थे।
आरोपियों की पहचान जीवन नगर गौंछी निवासी फिरोज (20), गोविंदा (19) व बजरंगी (20) के रूप में हुई है। आरोपियों ने सितंबर माह में सेक्टर-55 स्थित एक घर में घुस कर सास-बहू को बंधक बनाकर सोने के आभूषण व 75 हजार रुपये लूट लिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सास-बहू को बाथरूम में बंद कर टीवी की आवाज तेज कर फरार हो गए।
इसके बाद चार दिसंबर सुबह 10 बजे सेक्टर-55 के ही एक मकान में महिला और दो बच्चों को बंधक बनाकर आभूषण व नकदी ले गए। यहां भी महिला और बच्चों को बाथरूम में बंद कर टीवी की आवाज तेज कर गए थे। क्राइम ब्रांच तीस प्रभारी इंस्पेक्टर सेठी मलिक की अगुवाई में एसआई अश्वनी, एएसआई अनूप, सिपाही सहदेव और मनोज ने आरोपियों को धर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि फिरोज की अगस्त 2022 में शादी हुई थी। नई नवेली पत्नी को उपहार देने के लिए फिरोज के पास पैसे नहीं थे। वह 400 रुपये दिहाड़ी पर वेल्डिंग का काम करता था। पत्नी को नेकलेस दिलाने व घुमाने फिराने के लिए आरोपी ने लूट की योजना बनाई।
इसके लिए आरोपी यूपी से देसी कट्टा लेकर आया और दो साथियों को योजना में शामिल कर लिया। आरोपी बजरंगी एक फास्ट फूड की दुकान पर काम करता था। फिरोज ने कहा कि लूट की रकम से उसकी खुद की बर्गर की दुकान खुल जाएगी। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
पानी पीने के बहाने घर में घुसा, आभूषण देख आया लालच
फिरोज ने बताया वह पहले अकेला ही चोरी के इरादे से सेक्टर में घूम रहा था। पानी पीने के बहाने वह एक घर में घुस गया। महिला जब पानी ला रही थी तो आरोपी ने मोबाइल में उसकी वीडियो बना ली। घर आने के बाद उसने वीडियो में महिला के आभूषण देखे और लूट की योजना बनाने लगा। इसके बाद उसने बाकी साथियों को योजना में शामिल किया। सास बहू से लूटा सोना आरोपियों ने मेरठ में बेच दिया।
आरोपियों ने पहली बार लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पहले से तय था कि कोई बीच में आया तो गोली चलाने से चूकना नहीं है। क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के बाद गोविंदा और बजरंगी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी फिरोज के तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से सोना बरामद किया जाना है।