फरीदाबाद। एक होमगार्ड ने राजस्थान निवासी एक व्यक्ति को उसका खोया हुआ सामान लौटाकर सराहनीय कार्य किया। राजस्थान निवासी राधेश्याम सेक्टर-11 में अपने भाई मंगतराम के पास आए हुए थे। सोहना टी-पॉइंट पर स्थित ऑटो स्टैंड पर अपना बैग भूल गए थे। बैग में एक मोबाइल फोन और अन्य वस्तुएं थीं।
ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड को यह बैग दिखाई दिया। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल सब इंस्पेक्टर राजेश को दी। बैग किसका है यह पता करने के लिए बैग को खोला जिसमें एक मोबाइल मिला। सब इंस्पेक्टर राजेश ने मोबाइल फोन की सहायता से उसमें दर्ज संपर्क नंबरों के माध्यम से संबंधित व्यक्ति से संपर्क स्थापित किया। संपर्क के बाद राधेश्याम के भाई मंगतराम ट्रैफिक बूथ पर पहुंचे। पहचान सत्यापित करने के पश्चात उन्हें उनका सामान सुरक्षित अवस्था में सौंप दिया गया। संवाद