नोएडा की एक कम्पनी का सामान समयपुर में अपने मकान में बना रहा था आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। समय पुर रोड पर एक मकान के अंदर नकली गोंद बनाने वाली फर्जी कंपनी का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी अपने घर पर ही गोंद बनाकर आसपास के एरिया में सप्लाई करता था। थाना सेक्टर 58 की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना जाफराबाद, दिल्ली निवासी मो. अराफात ने बताया कि वह सेमिता लीगल सेक्टर 25 नोएडा की कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। उनकी कंपनी पिडिलाइट इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने उनको नकली उत्पाद फेवीक्विक बेचने व बनाने वालों के विरुद्ध जांच व पुलिस विभाग में शिकायत दर्ज कराने के लिए अधिकृत किया हुआ है। उनकी टीम में पुनीत ढींगरा भी कार्य करते हैं। उनकी टीम ने सेक्टर 57 समय पुर रोड का सर्वे किया, तो पाया कि एक व्यक्ति जिसका नाम देवदत्त है, वह समय पुर रोड स्थित अपने निवास स्थान से ही नकली फेवीक्विक की सप्लाई आसपास के क्षेत्र में करता है। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस के साथ मिलकर उनकी टीम ने छापा मारा। छापे के दौरान देवदत्त कमरे में पाया गया। उनकी टीम ने मौका पर नकली पैकिंग फेवीक्विक बरामद किए जिसमें 12 पैकेट मिले। इसमें से एक पैकेट में 84 पाउच थे। उसमें से 5 पाउच को जांच के लिए भेज दिया है।