80 केंद्रों पर किया जाएगा आयोजन, परीक्षा के दौरान धारा-163 रहेगी लागू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार को आयोजित होने वाली एचसीएस एवं अन्य अलाइड सर्विसेज प्रीलिम्स परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। फरीदाबाद के 80 केंद्रों पर यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी, जिसमें सुबह का सत्र प्रात 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और सायंकालीन सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।
परीक्षा के सुचारू संचालन, निगरानी और किसी भी प्रकार की सहायता हेतु नगराधीश के नेतृत्व में लघु सचिवालय के रूम नंबर 215 में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका संपर्क नंबर 0129-2227934 है। परीक्षा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 8 अधिकारियों व कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, जो परीक्षा के दिन प्रात 7 बजे से परीक्षा की समाप्ति तक कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगे।
निरीक्षण के बाद जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि कंट्रोल रूम में सहायक, एचआरए शाखा से अजीत सिंह, लिपिक, तहसील बड़खल से रामेश्वर, लिपिक, उपायुक्त कार्यालय से जितेन्द्र, डाटा एंट्री ऑपरेटरों में कुमरपाल, तारूस सिंगला, प्रदीप, नेतराम और ईश्वर कौशिक को तैनात किया गया है। कंट्रोल रूम परीक्षा की समाप्ति तक निरंतर सक्रिय रहेगा ताकि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और सुचिता के साथ संपन्न कराया जा सके। परीक्षाओं के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अव्यवस्था से बचने के लिए जिला मजिस्ट्रेट द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के लागू रहने के निर्देश जारी किए हैं।