पीड़ित छात्र की कराई जा रही काउंसलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी स्कूल में छात्र से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 25 अप्रैल को आरोपी दोनों नाबालिग छात्रों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस द्वारा फिलहाल आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
घटना के अनुसार, 12 वर्षीय पीड़ित छात्र जब स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहा था, तभी उसकी ही क्लास के दो सहपाठी उसे बहाने से स्कूल के बाथरूम की ओर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने कई दिनों तक छात्र का शोषण किया, जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। बेटे को गुमसुम देखकर जब पिता ने उससे उदासी की वजह पूछी, तब पीड़ित ने आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने सारन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 23 अप्रैल को पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी और 25 अप्रैल को दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर उनका मेडिकल कराया जा रहा है। साथ ही पीड़ित छात्र की काउंसलिंग भी करवाई जा रही है ताकि उसे इस सदमे से बाहर निकाला जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।