संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले अंडर-14 नेशनल टेबल टेनिस टूर्नामेंट में हरियाणा की टीम अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के कुल 10 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें फरीदाबाद के होनहारों का भी दबदबा देखने को मिलेगा।
इनमें कुल 10 खिलाड़ियों में से सबसे ज्यादा 4 खिलाड़ी गुरुग्राम से हैं, जबकि फरीदाबाद और हिसार से 3-3 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि फरीदाबाद के खिलाड़ियों की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टीम से पदक की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। फरीदाबाद से बालिका वर्ग में मानवी बामिल और अविका त्यागी हैं जबकि बालक वर्ग में रेयांश जैन शामिल हैं।
बुधवार को टीम की रवानगी से पहले जिला सहायक खेल शिक्षा अधिकारी प्रेम शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट प्रदान की और उन्हें जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि खिलाड़ी दिल्ली में हरियाणा का परचम लहराएंगे।