विजय रामलीला के मंच पर हनुमान ने किया कमाल, रावण को चुनौती और लंका दहन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फांद सौ योजन समुद्र यहां तक आया हूं, ये अंगूठी श्री राम चंद्र की आपके लिए लाया हूं। उपरोक्त वाक्य हनुमान ने माता सीता से लंका पहुंचने पर कहा। विजय रामलीला के मंच पर रविवार को हनुमान लंका में माता सीता भेंट करते हैं। वे माता सीता को भगवान राम की अंगूठी देते हैं। तब जाकर सीता को विश्वास होता है कि यह राम का दूत है।
रामलीला के पहले दृश्य में पवनपुत्र हनुमान का लंका में प्रवेश दिखाया गया। इसके बाद उनकी लंकिनी नामक राक्षसी से युद्ध और मंदोदरी व रावण का वार्तालाप दिखाया गया। मंदोदरी रावण को समझाने का भरसक प्रयास करती है लेकिन वह मंदोदरी की बात अनसुना कर देता है।
रामलीला के अगले प्रसंग में मेघनाद हनुमान को ब्रह्मपाश में बांधकर रावण के दरबार में पेश करता है। रावण और हनुमान के बीच हुई तकरार दर्शकों को खूब लुभाती है। हनुमान बने कमेटी के महासचिव वैभव लडोइया अपने चंचल अभिनय से सभी को मंत्रमुग्ध कर देते हैं। अंत में रावण के सैनिक हनुमान की पूछ में आग लगा देते हैं। हनुमान आग लगी पूछ से लंका को ध्वस्त कर देते हैं। इसके बाद हनुमान अशोक वाटिका में माता सीता से निशानी लेकर लंका से चले जाते हैं।
-
सीता हरण दृश्य ने बांधा समां, दर्शकों ने सराहा
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित श्री श्रद्धा रामलीला कमेटी की ओर से रविवार को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का जीवंत मंचन किया गया। इनमें राम-भरत मिलन, चित्रकूट की कथा, पंचवटी में सूर्पणखा की नाक काटने और रावण द्वारा सीता हरण जैसे दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। यशराज चांदना (भरत) और कुणाल चावला (राम) ने भाईचारे का मार्मिक चित्रण किया। वहीं, योगंधा वशिष्ट (सीता) और आसावरी वशिष्ट (शूर्पणखा) के अभिनय को भी खूब सराहा गया। मारीच बने दीपक मदान और रावण बने श्रवण चावला के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया। तालियों की गडगडाहट ने पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया। संवाद
इन जगहों पर भी हुआ मंचन
श्री राम धार्मिक एवं सांस्कृतिक समिति स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी की ओर से सातवें दिन सूर्पणखा की नाक कटी, खर दूषण वध, रावण सूर्पणखा संवाद, रावण मारीच संवाद, सीता लक्ष्मण संवाद, लक्ष्मण रेखा, सीता हरण, जटायु वध आदि लीला का बहुत ही सुंदर ढंग से चित्रण किया गया। वहीं, सेक्टर-3 स्थित रामलीला दशहरा उत्सव के छठे दिन राम राज्य तैयारी, कैकई दशरथ संवाद, वन गमन और केवट संवाद का मंचन किया गया। दो एच मार्केट की ओर से जागृति रामलीला कमेटी द्वारा चौथे दिन लंका दहन और अंगद संवाद का मंचन किया गया।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली परिक्रमा
फरीदाबाद। श्री बजरंग दल दशहरा कमेटी की ओर से ओल्ड फरीदाबाद गोपी कॉलोनी चौक के प्रेमप्रकाश आश्रम से ढोल नगाड़े और बैंड बाजे के साथ डंडोत परिक्रमा निकाली गई। डंडोत परिक्रमा का पूरे ओल्ड फरीदाबाद में पुष्प वर्षा और फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि हम सभी को भगवान श्रीराम के बताए हुए मार्ग पर चल कर हिन्दू धर्म समाज को और मजबूत करना है और सदैव धर्म की रक्षा के लिए तत्पर रहना है। डंडोत के दौरान पूर्व मार्किट कमेटी के चेयरमैन पूर्व पार्षद सुभाष आहूजा, ग्रीवेन्स कमेटी के सदस्य परविन्दर मल्होत्रा (शंटी), केडी शर्मा, दीपक कपिल, विजय गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद