18 अगस्त से 11 सितंबर के दौरान ठगी का आरोप, एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 15.38 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि फेसबुक पर लिंक देखकर क्लिक किया तो वे ठगों के संपर्क में आए। बाद में ट्रेडिंग एप के वेबपेज का लिंक भेजकर आईडी बनाकर निवेश कराने के नाम पर रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। शिकायतकर्ता ने निवेश किया लेकिन उन्हें रिफंड नहीं मिल पाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने रविवार को मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को ये शिकायत सूरजकुंड शिव दुर्गा विहार इलाके के रहने वाले पुत्ती लाल ने दी है। इनका कहना है कि चार अगस्त को फेसबुक एप पर ट्रेड मार्केटिंग का लिंक मिला। लिंक पर क्लिक किया तो इनकी व्हाट्सएप पर एक युवती से बात हुई। युवती का नाम अंकिता घोष बताया गया। आरोप है कि बाद में युवती ने इन्हें एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक किया तो वेबसाइट खुली। ये एक वेबपेज था जो ट्रेडिंग एप जैसा लग रहा था। शिकायतकर्ता को इस पर आईडी बनाने को कहा गया। साथ ही इनके आधार कार्ड, पेन कार्ड व बैंक खाते की डिटेल ली गई। आईडी बनने के बाद कस्टमर केयर से संपर्क कराया गया।
आरोप है कि बाद में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर एक बैंक खाते की डिटेल भेजकर रुपये जमा करने को कहा गया। शिकायतकर्ता ने कुल 15 लाख 38 हजार 650 रुपये निवेश कर दिए। वेब पेज पर ये रुपये इन्हें दिख भी रहे थे लेकिन रिफंड नहीं कर सके। बैंक से संपर्क किया तो साइबर ठगी का पता चला और मामला पुलिस तक पहुंचा। मामले में अब साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।