एनएचएआई ने बजट की समीक्षा शुरू की, फरीदाबाद को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ेगा एक्सप्रेसवे, सफर होगा आसान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 30 अक्टूबर, 2025 को होगा और इसी के साथ फरीदाबाद-जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का काम भी तेजी से पूरा किया जा रहा है ताकि कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया जा सके। यह एक्सप्रेसवे फरीदाबाद को सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ेगा, जिससे यात्रियों के लिए यात्रा का समय और दूरी काफी कम हो जाएगी। परियोजना के लिए मिट्टी आपूर्ति और भूमि अधिग्रहण जैसी समस्या आने के कारण भले की समय लग गया है लेकिन अब कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
भूमि विवाद सुलझाने के लिए तेजी से हो रहे प्रयास
सोतई गांव सहित जिन इलाकों में भूमि अधिग्रहण में अड़चनें आई थीं वहां प्रशासनिक स्तर पर समाधान की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से संवाद शुरू कर दिया है ताकि सभी पक्षों की सहमति से मुआवजा और अधिग्रहण कार्य पूरा किया जा सके। उम्मीद जताई जा रही है कि कार्य में कोई अर्चन नहीं आएगी।
मिट्टी आपूर्ति के होंगे वैकल्पिक समाधान
एनएचएआई ने बजट की समीक्षा शुरू कर दी है और ठेकेदार कंपनियों को मिट्टी आपूर्ति के नए स्रोत उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। नदी किनारे के गांवों से पर्यावरणीय मानकों के तहत मिट्टी की आपूर्ति के लिए विशेष अनुमति प्रक्रिया को भी सरल किया जा रहा है। इससे परियोजना को पूरा करने के लिए जरूरत के अनुसार मिट्टी आपूर्ति की जा सकेगी।
सरकार का फोकस, विकास में नहीं होगी देरी
केंद्र और राज्य सरकार ने इस परियोजना को उच्च प्राथमिकता में रखा है। भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जबकि ठेकेदारों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठकें हो रही हैं। फरीदाबाद जिला प्रशासन का कहना है कि आने वाले महीनों में परियोजना की गति दोगुनी होगी और एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही मुख्य हिस्से को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
-
वर्जन
काम में आई बाधाओं को दूर करने के लिए सभी विभाग एक साथ काम कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य जल्द परियोजना का अधिकांश भाग पूरा करना है। इसके साथ ही कालिंदी कुंज के पास नहर में एक पिलर डालना था, जिसकी अनुमति नहीं मिल पाई। अब 140 मीटर सिंगल आर्च पुल बनाया जाएगा। करीब छह माह में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। -धीरज, एनएचएआई, प्रोजेक्ट डायरेक्टर