सेक्टर सात सी निवासी सलभ मित्तल ने बताया कि वह निजी कंपनी में काउंसलर हैं। कंपनी के काम से 21 फरवरी को गुवाहाटी गया हुआ था। 26 फरवरी को शाम को सूचना मिली कि नौकर प्रमोद (नेपाल) ने उनकी मां पुष्पलता मित्तल व बेटे को नशीला पदार्थ देकर बेहोश करके चोरी की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर परिवार के अन्य लोगों ने दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। मकान के तीनों कमरों की अलमारी का सामान व कपड़े बिखरे हुए थे और बैड पर आभूषण के खाली डब्बे पड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी की रात को करीब आठ बजे प्रमोद ने दोनों को सैंडविच और सूप में नशीला पदार्थ खिलाया। उसके बाद घटना को अंजाम दिया गया।
15 दिन पहले आया था प्रमोद
सलभ मित्तल ने बताया कि प्रमोद को करीब 15 दिन पहले नौकरी पर रखा था। उसे एजेंसी के द्वारा करवाई गई जांच के बाद रखा था। घटना के बाद से एजेंसी व नौकर का फोन बंद आ रहा है।
30 साल पुरानी नौकरानी ने दी जानकारी
सलभ मित्तल ने बताया कि उनके घर में एक नौकरानी भी काम करती है। जोकि घर के बाहर की साफ सफाई और कपड़े आदि को धोने का काम करती है। 26 फरवरी की रात को करीब आठ बजे वह उनके घर पर काम करने आई तो दोनों बेहोश मिले।
डंडे से मां से मारपीट
सूत्रों के अनुसार मां को बेहोशी की दवाई पिलाने के बाद उनको डंडे से पीटा। पहले बुजुर्ग ने नौकर का विरोध किया होगा, जिसकी वजह से मुंह व शरीर पर काफी चोटें आईं हैं। मित्तल ने बताया कि उनकी मां पुष्पलता (77) अक्सर बीमार रहती है। इस घटना को अंजाम देने के लिए जिस नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया है। उससे उनकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। अभी पुलिस को उन्होंने किसी प्रकार का कोई बयान नहीं दिया है। वहीं, बेटे की हालत ठीक है।
सेक्टर सात पुलिस चौकी इंचार्ज अश्वनी ने बताया कि पीड़ित पुष्पलता की हालत गंभीर है। अभी वह बयान देने की हालत में नहीं है। बयान के बाद ही चोरी के सामान की लिस्ट के बारे में पता चल पाएगा।