संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बम-बम भोले के जयघोष और भगवान शिव की भक्ति में सराबोर वातावरण के बीच हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकली विशाल रथ कांवड़ यात्रा सोमवार को भतौला गांव पहुंची। गांव पहुंचने पर कांवड़ यात्रा का श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान पूरा वातावरण भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा।
भतौला गांव के युवाओं की टीम हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर विशाल रथ कांवड़ के रूप में गांव पहुंची। यात्रा में शामिल शिवभक्तों में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली। ग्रामीणों ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।
युवाओं की टीम द्वारा 11 अगस्त, मंगलवार को भतौला गांव स्थित मंदिर में विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर गंगाजल अर्पित कर देश एवं प्रदेश की खुशहाली, शांति और तरक्की की कामना की जाएगी।