मास्टर क्लास में विद्यार्थियों ने वेबसाइट बनाना और डिजिटल पोर्टफोलियो तैयार करना सीखा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डिजिटल मीडिया के बदलते दौर में पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए केवल लेखन का ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, उन्हें तकनीक और डिजिटल टूल्स की जानकारी भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से पोस्ट ग्रेजुएशन विद्यार्थियों के लिए डिजाइनिंग एंड राइटिंग फॉर द वेब विषय पर विशेष मास्टर क्लास आयोजित की गई।
वीकली स्किल बूस्ट श्रृंखला के तहत आयोजित कार्यक्रम में वनटिक टेक्नोलॉजीज के सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर सत्यम पांडेय ने विद्यार्थियों को वेब डिजाइनिंग और वेब राइटिंग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई और डिजिटल टूल्स की मदद से वेबसाइट तैयार करना अब आसान हो गया है। मास्टर क्लास में विद्यार्थियों को विजुअल स्टूडियो कोड के माध्यम से वेबसाइट तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें एचटीएमएल और सीएसएस की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञ ने प्रॉम्प्ट के जरिए वेबसाइट विकसित करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह ने कहा कि डिजिटल मीडिया में काम करने के लिए लेखन के साथ तकनीकी दक्षता भी जरूरी है। विद्यार्थियों को वेब डिजाइनिंग, एआई कोडिंग और पोर्टफोलियो तैयार करने जैसी स्किल सीखने का अवसर मिला। कार्यक्रम में डॉ. सोनिया हुड्डा, डॉ. मौसम कुमार और आदर्श भी मौजूद रहे।