फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: खादर क्षेत्र के 11 गांवों की पंचायतों को 10-10 लाख की सहायता राशि देने का ऐलान

विज्ञापन
विज्ञापन
- केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर बोले – किसानों के हित सर्वोपरि, ढाणियों में बिजली कनेक्शन व टूटी सड़कों की मरम्मत जल्द
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी, पलवल।
यमुना के जल और भारी बरसात से प्रभावित जिले के खादर क्षेत्र में ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार और प्रशासन ने सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने वीरवार को प्रभावित गांवों का दौरा किया और वहां लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने खादर क्षेत्र के 11 गांवों की पंचायतों को 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा की।राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह राशि पंचायतों के माध्यम से उन गांवों में विकास और राहत कार्यों पर खर्च की जाएगी। इसके साथ ही, उन्होंने खादर क्षेत्र की ढाणियों में रहने वाले परिवारों को बिजली कनेक्शन देने की बात कही। उन्होंने बताया कि इन कनेक्शनों की आधी राशि सरकार वहन करेगी, जबकि शेष आधी राशि वे अपने सांसद कोष से उपलब्ध कराएंगे।

गांवों में जाकर जानी समस्याएं

कृष्णपाल गुर्जर ने बागपुर और सोलडा गांवों का दौरा कर सभाएं कीं, जहां ग्रामीणों ने उन्हें अपनी परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है, जिसके कारण जान-माल के साथ-साथ किसानों की फसलें भी बर्बाद हुई हैं। पलवल का खादर क्षेत्र भी इस आपदा से प्रभावित हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार किसानों और ग्रामीणों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता दी जाएगी।
विज्ञापन


फसलों के नुकसान का मिलेगा पूरा मुआवजा

राज्यमंत्री ने कहा कि किसानों को हुए फसल नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। इसके लिए उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त जयदीप कुमार को निर्देश दिए कि पटवारियों की ड्यूटी लगाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रभावित किसानों ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य करवा लिया हो। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे 15 सितंबर तक पोर्टल पर पंजीकरण जरूर करवाएं ताकि किसी को भी मुआवजे से वंचित न रहना पड़े।

सड़कें और बिजली लाइनें दुरुस्त करने के निर्देश

राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव और बाढ़ के कारण जो सड़कें टूटी-फूटी हैं, उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए। जहां जरूरत हो वहां टेंडर लगाकर निर्माण कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि खेतों और गांवों में जहां-जहां बिजली की तारें लटकी हुई हैं या पोल क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तुरंत ठीक किया जाए।

किसानों और ग्रामीणों के हित में सरकार संकल्पबद्ध

राज्यमंत्री ने सभाओं में ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारी लगातार गांवों का दौरा कर रहे हैं और जरूरी कदम उठा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा है।
विज्ञापन


स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी

इस मौके पर सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, पूर्व विधायक दीपक मंगला, पूर्व विधायक केहर सिंह रावत, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, होडल नगर परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि शीशपाल, हरेंद्र पाल राणा, किरणपाल खटाना, भगत सिंह बुघेरा, महेंद्र भडाना सहित बागपुर और सोलडा गांव के सरपंच व अन्य पंच-सरपंच भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने मंत्री का स्वागत किया और राहत राशि की घोषणा पर आभार जताया। साथ ही, उन्होंने सड़कों और बिजली की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग भी रखी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें