पाठ्यक्रम लगभग पूरा, तैयारी परखने के लिए आयोजित हो रहे टेस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिसंबर से स्नातक के छात्रों की परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं की तिथि नजदीक आते ही महाविद्यालयों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकांश कॉलेजों में छात्रों का सिलेबस लगभग पूरा हो चुका है। शिक्षकों की ओर से इन दिनों लगातार टेस्ट और असाइनमेंट लिए जा रहे हैं, ताकि छात्र परीक्षा के पैटर्न को अच्छी तरह समझ सकें।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार हर विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि समय से पहले सभी विषयों पर छात्रों के डाउट्स स्पष्ट करा दिया जाए। परीक्षाओं को लेकर छात्रों में उत्साह और चिंता दोनों देखने को मिल रहे हैं। स्नातक के सभी सेमेस्टर में विद्यार्थियों को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। शिक्षकों का कहना है कि इस बार छात्र मेहनत कर रहे हैं, ऐसे में अच्छे अंकों की संभावना अधिक है। परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की ओर से जल्द ही अंतिम रूप से जारी किया जाएगा। महाविद्यालयों ने छात्रों से अपील की है कि वे समय पर पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल हों और अच्छे अंक लाने की पूरी कोशिश करें।