गेहूं की खरीद 1 अप्रैल से होगी प्रारंभ, मौसम से खरीद पर पड़ सकता है असर
संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। रबी सीजन की फसलों की खरीद को लेकर तिगांव अनाज मंडी में प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज से सरसों की सरकारी खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है, जबकि 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद प्रारंभ की जाएगी। मंडी परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंडी प्रशासन के अनुसार इस बार खरीद व्यवस्था में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। जिला उपायुक्त के साथ हुई बैठक में साफ निर्देश दिए गए हैं कि मंडी में बैलगाड़ियों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही अन्य बिना पंजीकरण या बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल नंबर प्लेट लगे पंजीकृत ट्रैक्टर ही मंडी परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। यह व्यवस्था पारदर्शिता और सुचारू खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है।
हालांकि, मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार को हुई बारिश के चलते खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे फसल की कटाई और मंडी तक पहुंचाने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। ऐसे में पहले दिन मंडी में किसानों की आमद कम रहने की संभावना जताई जा रही है। मौसम साफ होने के बाद ही मंडियों में फसलों की आवक तेज होगी।
वर्जन
मंडी में खरीद के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। किसानों के बैठने, पेयजल, तौल व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। ई-खरीद प्रणाली के माध्यम से खरीद की जाएगी, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सकेगा। -आनंद मंडी सचिव, तिगांव