फरीदाबाद। अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने मोबाइल झपटमारी के आरोप में एक युवक को सेक्टर-37 से गिरफ्तार किया है। आरोपी 22 साल का कबीर निषाद सूरजकुंड इलाके के लक्कड़पुर का रहने वाला है। दिल्ली निवासी पवन कुमार ने सराय ख्वाजा थाना में मोबाइल झपटमारी को लेकर एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि 12 मार्च की रात को बाईपास कट सराय ख्वाजा पर बाइक सवार युवकों ने उससे मोबाइल झपटा। इसी मामले में आरोपी को काबू कर उससे मोबाइल बरामद किया गया है। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। ब्यूरो
युवती को बहला-फुसला ले गया, आभूषण भी मंगवाए
फरीदाबाद। मुजेसर थाना इलाके की संजय कॉलोनी में एक युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया है। युवती के भाई ने आरोप लगाया कि आरोपी ने युवती से घर से सोने के आभूषण भी मंगवा लिए। शिकायत में युवक ने आरोप लगाया कि 22 मार्च को सुबह करीब 11:30 बजे उसकी 18 साल की बहन घर से दुकान जाने के लिए निकली थी और वापस नहीं लौटी। आरोप है कि गली में रहने वाले मुकेश नामक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया। आरोपी ने घर से सोने की चेन, दो अंगूठियां, आठ तोले का हार और दो कड़े भी मंगवा लिए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यरो
अवैध हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद। अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने अवैध हथियार के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से कट्टा व गोली बरामद की गई है। आरोपी 21 साल का पवन कुमार भगत सिंह कॉलोनी का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ आदर्श नगर थाना में पहले से लड़ाई-झगड़े की एफआईआर दर्ज है। आरोपी के खिलाफ अब बल्लभगढ़ शहर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। पूछताछ में सामने आया कि वह जोमैटो में काम करता है और कट्टा व कारतूस को भागलपुर बिहार से 8000 रुपये में लेकर आया था। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। ब्यूरो
अवैध नशीले पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद। अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने अवैध नशीले पदार्थ बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1.120 किलो गांजा बरामद किया गया है। आरोपी 21 साल का दीपांशु राज दिल्ली के अर्जुनगढ़ का रहने वाला है। उसके खिलाफ सूरजकुंड थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजा 15000 रुपये में नेपाल बॉर्डर से किसी व्यक्ति से लेकर आया था। आरोपी 12वीं पास है व रैपिडो पर काम करता है। आरोपी को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। ब्यूरो