संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नंगला एन्क्लेव स्थित एक निजी स्कूल के शिक्षक पर पिटाई का आरोप लगाने वाली छात्रा की दिमागी हालत ठीक नहीं हैं। परिवार के लोग उसके इलाज के लिए डॉक्टरों से संपर्क कर रहे हैं। पर्वतीय कालोनी चौकी पुलिस ने परिवार के लोगों से बयान देने के लिए संपर्क किया लेकिन परिजन अभी बेटी का इलाज करा रहे हैं।
छात्रा के भाई लक्की का कहना है उसकी बहन काॅलोनी के पास ही एक निजी स्कूल की नौवीं कक्षा में पढ़ती है। करीब तीन महीने पहले बहन को स्कूल के शिक्षक ने डंडा मारा था, जिस कारण हाथ में सूजन आ गई थी। कुछ दिन बहन स्कूल नहीं गई थी। पिछले तीन-चार दिन से उसकी तबीयत खराब है। इलाज के लिए परिवार के लोग उसे बादशाह खान अस्पताल लेकर गए यहां उसकी हालत और खराब हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि बहन की मनोस्थिति बिगड़ गई है। वह स्कूल नहीं जाना चाहती। उसे शिक्षक से डर लग रहा है। वह उसे सपने में भी दिखाई देता है। छात्रा की हालत देख परिवार के लोगों ने पर्वतीय काॅलोनी चौकी पुलिस से संपर्क किया। मामले की जांच कर रहे एएसआई समय सिंह का कहना है छात्रा ने बयान नहीं दिए हैं। पुलिस दो दिन से बयान लेने उनके घर जा रही है। परिवार के लोगों ने बयान देने से मना कर दिया। स्कूल के प्रधानाचार्य हर्षित का कहना है मामले की जांच के लिए महिला अध्यापकों की एक कमेटी बनाई गई है। जांच पूरी होने तक अध्यापक को स्कूल आने से मना कर दिया गया है।