- घर बनवाने के लिए की थी पांच लाख की मांग, पैसे नहीं देने पर वारदात को दिया अंजाम
- 6 वर्ष पहले हुई थी शादी, दहेज के लिए मारपीट करता था आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मंगलवार रात तिलपत इलाके में दहेज के लिए पति ने पत्नी को मारपीट कर छत से नीचे फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बीके नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मालती ने बताया उसकी शादी 6 वर्ष पहले कस्टम विभाग में कार्यरत नीरज से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। शादी के बाद से उसका पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। कुछ समय पहले भी उसके साथ मारपीट की थी। जिससे वह रक्षाबंधन पर अपने घर चली गई थी। आरोप है कि दिल्ली से लौटने के बाद नीरज ने उससे मायके से रुपये लाकर देने को कहा। रुपये नहीं देने पर वह मारपीट करने लगा। मंगलवार रात पति ने घर बनवाने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की। उसने मायके से पैसे लाने से इन्कार कर दिया तो नीरज ने उसके साथ मारपीट कर दी। सास सुनीता और उसके ससुर विनोद ने भी उसके साथ मारपीट की और उसे घर की पहली मंजिल से धक्का दे दिया।
दिल्ली के गोकुलपुरी निवासी मालती की बहन रूबी ने बताया कि उनके पिता धीर सिंह ने मालती की शादी में काफी दहेज दिया था। मंगलवार रात को दहेज की लिए उसकी बहन को पहली मंजिल से धक्का दे दिया। इसके बाद नीरज ने फोन कर जानकारी दी कि मालती की तबीयत खराब है। जब वह मालती से मिली तो उसने सारी बात बताई। इसके बाद में उसे घायल अवस्था में पल्ला थाने में लेकर गए। आरोप है कि पल्ला थाना पुलिस ने न तो उसे बीके अस्पताल में इलाज लिए भर्ती कराया और न ही उसका मेडिकल कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में फिलहाल केस दर्ज नहीं हुआ है।