अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मेवला महाराजपुर जालसाजों ने एक व्यक्ति का डेबिट कार्ड बदल कर उसके खाते से करीब 75 हजार रुपये निकाल लिए। सूरजकुंड थाना पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से बिहार के औरंगाबाद जिला निवासी रामलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह मेवला महाराजपुर में किराए पर रहता है। सोमवार को वह सेक्टर-46 स्थित एक एटीएम में डेबिट कार्ड का पिन नंबर बनाने गया था। इस दौरान बूथ के अंदर एक और व्यक्ति आ गया। उसने मदद करने का झांसा देकर डेबिट कार्ड अपने हाथ में ले लिया और पासवर्ड बनाने के बाद फिर पैसे निकालने को कहा। जब रामलला ने पैसे निकालने का प्रयास किया तो नहीं निकले। वह घर वापस लौट आया। घर पहुंचते ही उसके मोबाइल पर कई बार में पैसों की निकासी होने का मैसेज आया। उसने तुरंत बैंक में फोन डेबिट कार्ड को ब्लॉक कराया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।