दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
बैंक लोन और एनओसी के नाम पर किया धोखाधड़ी का खेल
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। मुंडकटी थाना अंतर्गत एक क्षेत्र में कार बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी तेजपाल के अनुसार, गांव बेढ़ापट्टी निवासी जितेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव बंचारी निवासी सुमन से एक कार 7 लाख 20 हजार रुपये में खरीदी थी। कार पर बैंक लोन होने के कारण जितेंद्र ने 20 जून 2025 को सुमन को 3 लाख 85 हजार रुपये दिए थे। बाकी रकम बैंक लोन चुकाने और एनओसी मिलने के बाद देने की बात तय हुई थी।
पीड़ित ने बताया कि जब उसने सुमन से लोन चुकाने के बाद एनओसी देने को कहा, तो सुमन ने बताया कि उसने यह कार नवीन धौलागढ़ से ली है। बाद में आरोपी सुमन ने कार वापस लेकर 29 जुलाई को पैसे लौटाने की बात कही। जितेंद्र ने बताया कि 4 अगस्त को जब वह गोगा मड़ी पैदल यात्रा पर जा रहा था, तब उसने फिर एनओसी मांगी। इस दौरान आरोपी सुमन ने 5 अगस्त को कार को हाईवे स्थित होटल हिल्टन पर खड़ा करवा लिया। यात्रा के दौरान जितेंद्र बार-बार सुमन को फोन करता रहा, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। दो दिन पहले सुमन का फोन आया कि एनओसी आ गई है, लेकिन 16 अगस्त को आरोपी सुमन और नवीन ने उसकी कार को होटल के बाहर से दूसरी चाबी से उठवा लिया। पीड़ित ने बैंक में लोन चुका कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से कार और रुपये वापस दिलवाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।