संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शहर के कच्चा तालाब क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक मकान की दीवार गिर जाने से महिलाओं और बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए। हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभी घायलों को पहले होडल के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के संबंध में कच्चा तालाब निवासी राकेश ने बताया कि मंगलवार रात पड़ोसी देवी सिंह के मकान की दीवार भरभराकर उनके घर पर गिर गई। उस समय घर के बरामदे में खाना बनाया जा रहा था। दीवार गिरने से उसकी पत्नी मंजू, बेटा ध्रुव, भाई प्रदीप की पत्नी रश्मि, उसका बेटा सुधाकर और बेटी सौम्या घायल हो गए। परिजनों और पड़ोसियों ने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।