आधे दाम पर सोने का झांसा देकर 4 लाख ठगे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में ठगों ने महिला को फोन पर पुराने जेवर के बदले उसके वजन के बराबर नया और आधी कीमत पर सोना देने का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। ठगों के झांसे में आकर महिला सोने की चेन व चार लाख रुपये गंवा बैठी।
जांच अधिकारी एसआई नरेश ने बताया कि महिला विजय कुमारी पत्नी रनवीर सिंह मोहना गांव तहसील सोनीपत की रहने वाली हैं। वह यहां क्राउन प्लाजा मॉल में एक कपड़े के शोरूम में नौकरी करती है। ठगों ने उसे सस्ती दर पर सोना खरीदने का झांसा देकर जाल में फंसा लिया। बीते बुधवार शाम के समय ठगों ने महिला को पुराना सोना व चार लाख रुपये लेकर सेक्टर-31 मार्केट के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर अकेले बुलाया। यहां आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन स्वीच ऑफ करा दिया। महिला ने अपनी दो तोले की सोने की चेन और चार लाख रुपये की नकदी ठगों को दे दी। इसके बाद ठगों ने उसे 300 ग्राम वजन का एक टुकड़ा थमा दिया और असली सोना व नकदी लेकर फरार हो गए।
ठगी का पता तब चला जब महिला ने ठगों द्वारा दिए गए टुकड़े को एक ज्वैलर्स के यहां चेक कराया। वहां पता चला कि वह टुकड़ा सोने का नहीं है बल्कि आर्टिफिशियल है। यह सुन कर महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला ने पुलिस को बताया कि ठग पिछले कई दिनों से उससे फोन पर बात कर रहे थे। वह खुद का नाम नसीम पुत्र अब्दुल गफ्फार व शाहरुख बताते थे। पुलिस ने इन ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।