फेसबुक पर कार बेचने व बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड बनाने के नाम पर की गई ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से चार लोगों से 7.55 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। फेसबुक पर कार बेचने, बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड बनाने, एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक करने और फर्जी वेबसाइट पर केवाईसी के नाम पर धोखाधड़ी के मामलों में शिकायतों की जांच के बाद साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ और एनआईटी में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सेक्टर-62 निवासी मंदीप कुमार ने शिकायत में बताया कि 23 और 25 मई को फेसबुक मार्केटप्लेस पर कार खरीदने के दौरान आरोपियों ने उनसे 4.65 लाख रुपये ऑनलाइन जमा करा लिए। एनसीआरपी पर शिकायत के बाद 3 अगस्त को साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ में प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं, सेक्टर-3 एचबीसी निवासी दीपक भट्ट ने बताया कि 2 अगस्त को खुद को बैंक कर्मचारी बताने वाले आरोपी ने वीडियो कॉल के दौरान दस्तावेज और ओटीपी लेकर 1,64,442 रुपये निकाल लिए। इस मामले में चार अगस्त को प्राथमिकी दर्ज हुई।
एसी नगर निवासी राजेंद्र गौतम ने शिकायत में बताया कि 19 मार्च को व्हाट्सएप पर आई एपीके फाइल खोलने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और 22 से 27 मार्च के बीच उनके खाते से 1,20,493 रुपये निकाल लिए गए। इस मामले में 3 अगस्त को साइबर अपराध थाना एनआईटी में प्राथमिकी दर्ज हुई। वहीं, डबुआ कॉलोनी निवासी शुभम सक्सेना ने शिकायत दी कि तीन अगस्त को फर्जी वेबसाइट पर केवाईसी के नाम पर उनके क्रेडिट कार्ड से 1,04,999 रुपये की ठगी कर ली गई। इस मामले में चार अगस्त 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि चारों मामलों में धारा 318(4) बीएनएस के तहत अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।