7.81 लाख की हुई थी ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ऑनलाइन टास्क में मुनाफे का लालच देकर और फोन हैक कर 7,81,501 रुपये की साइबर ठगी के दो मामलों में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें राजस्थान के जयपाल सिंह, दिनेश, मुकेश और कमलेश शामिल हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, भीकम कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी व्यक्ति से ऑनलाइन टास्क के नाम पर 6,54,800 रुपये अलग-अलग खातों में जमा करवा लिए गए थे। जांच में सामने आया कि मुकेश और दिनेश ने अपने दोस्त जयपाल सिंह का बैंक खाता साइबर ठगों को मुहैया कराया था।
दूसरे मामले में सेक्टर-8 निवासी महिला का फोन हैक कर 1,26,701 रुपये निकाल लिए गए थे। पुलिस ने राजस्थान निवासी कमलेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि उसने अजरूद्दीन का बैंक खाता ठगी के लिए मुहैया कराया था, जिसमें 98 हजार रुपये आए थे। कमलेश को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।