फरीदाबाद। साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने वाराणसी निवासी गौरव व सूरज, बक्सर निवासी दिवाकर और जामताड़ा निवासी निशांत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, सारन निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 26 दिसंबर 2025 को उसके व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद बैंक खाते से अलग-अलग लेन-देन के जरिये पांच लाख 75 हजार रुपये निकाल लिए गए। जांच के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि गौरव खाताधारक है और उसने अपना बैंक खाता सूरज को दिया था। सूरज ने आगे दिवाकर और दिवाकर ने निशांत को खाता उपलब्ध कराया था। गौरव बीटेक पास है, जबकि दिवाकर और निशांत बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। सूरज बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने गौरव, सूरज और दिवाकर को रिमांड पर लिया है। संवाद