अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर ठगी मामलों की जांच करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। तीन आरोपियों को राजस्थान जोधपुर से व चौथे को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने दो अलग-अलग मामलों में साइबर ठगों को बैंक खाते मुहैया कराए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है, जबकि दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
पहले मामले में टेलीग्राम टास्क के बहाने 94801 रुपये की ठगी मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने राजस्थान जोधपुर से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान रहीश खान, मुकद्दर खान और साबिर खान के तौर पर हुई। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि साबिर खाताधारक है। इसके खाते में ठगी के 28800 रुपये आए थे। साबिर ने अपना खाता मुकद्दर को और उसने ये रहीश को दिया था। रहीश ने इस खाते को आगे ठगों को दे दिया था। तीनों आरोपी जोधपुर में पत्थर कटिंग का काम करते है। आरोपी रहीश को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। जबकि बाकी दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
दूसरे मामले में टेलीग्राम टास्क के बहाने 308500 रुपये की ठगी के आरोप में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को राजस्थान जयपुर से गिरफ्तार किया है।
आरोपी विकास मूल रूप से यूपी कन्नौज का रहने वाला है लेकिन अभी जयपुर में रहकर वहां एक कपड़ा कंपनी में काम कर रहा है। पूछताछ में पता चला कि इसने अपना खाता साइबर ठगों को दिया हुआ था। इसके खाते में ठगी के 2 लाख रुपये आए थे। आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।