फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय इस बार विदेशी छात्रों को रिझाने के लिए दाखिला प्रक्रिया में विशेष प्रावधान रखेगा। जुलाई के पहले सप्ताह में यह प्रक्रिया शुरू होगी। विदेशी छात्रों के लिए सीट आरक्षण के साथ दाखिले शुरू होंगे। विदेशी छात्रों को श्रेणी के तहत इंजीनियरिंग, विज्ञान और प्रबंधन सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले मिलेंगे। शैक्षणिक वर्ष 2022-23 के लिए यह प्रक्रिया शुरू होगी।
जेसी बोस विवि प्रबंधन के अनुसार, विदेशी छात्रों के अलावा, ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) श्रेणी के छात्र दाखिला ले सकेंगे। साथ ही खाड़ी देशों में भारतीय कामगारों के बच्चों को विदेशी छात्र श्रेणी के तहत आरक्षित सीटों पर दाखिले का अवसर मिलेगा। यह मौका खास रूप से इंजीनियरिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए मिलेगा। इसे विदेशी छात्र की श्रेणी में विशेष अवसर के रूप में रखा गया है। विदेशी छात्रों की श्रेणी में जुलाई के प्रथम सप्ताह में आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय मामलों की निदेशक डॉ. शिल्पा सेठी ने बताया कि विवि ने इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में 15 फीसदी सीटें और अन्य पाठ्यक्रमों में पांच प्रतिशत सीटें विदेशी विद्यार्थियों के लिए आरक्षित की। अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए अलग से छात्रावास की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। डॉ. सेठी ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.jcboseust.ac.in पर आवेदन कर सकेंगे।
विवि के अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप निदेशक डॉ. राजीव साहा ने बताया अखिल भारतीय तकनीक शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के दिशानिर्देशों के अनुसार, प्रवासी भारतीय (एनआरआई) और ऐसे भारतीय नागरिक जिन्होंने योग्यता परीक्षा अंतरराष्ट्रीय बोर्ड या विदेशी विवि से की, वह विदेशी राष्ट्र की श्रेणी के अंतर्गत दाखिले के पात्र नहीं है। उन्होंने कहा कि विदेशी विद्यार्थियों का दाखिला योग्यता परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगा।